पाकिस्तान की एक अदालत बुधवार को एक बेहद दिलचस्प अर्ज़ी पर सुनवाई करने जा रही है. अर्ज़ी एक डॉक्टर को रिहा करने की है.
इनका नाम है डॉक्टर शकील अफ़रीदी. डॉक्टर अफ़रीदी पर आरोप है कि उन्होंने अल-क़ायदा के नेता ओसामा बिन लादेन को पकड़वाने में अमरीका की मदद की थी.
इस अर्ज़ी पर पेशावर हाई कोर्ट में सुनवाई होगी. ये पहला मौक़ा है जब पाकिस्तान में कोई सुनवाई खुली अदालत में हो रही है.
डॉ शकील अफ़रीदी पर साल 2011 में ओसामा बिन लादेन को मारने वाले अमरीकी ऑपरेशन में मदद पहुंचाने का आरोप तो है लेकिन उन पर कभी औपचारिक रूप से केस दर्ज नहीं हुआ.
डॉ अफ़रीदी हमेशा से ये कहते आए हैं कि उनके मामले की कभी निष्पक्ष सुनवाई नहीं हुई.
जब डॉ अफ़रीदी को जेल भेजा गया तो इसका काफ़ी विरोध हुआ. विरोध इस हद तक हुआ कि अमरीका उनकी हर साल की जेल की सज़ा के लिए पाकिस्तान को दी जाने वाली आर्थिक सहायता में से 3.3 करोड़ डॉलर की कटौती करने लगा.
इतना ही नहीं, अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने साल 2016 में अपने चुनावी अभियान के दौरान कहा था कि वो राष्ट्रपति बने तो डॉक्टर अफ़रीदी को 'दो महीने' में रिहा करा लेंगे, मगर ऐसा हुआ नहीं.
डॉक्टर शकील अफ़रीदी को अमरीका में नायक माना जाता है जबकि पाकिस्तान में कई लोग उन्हें एक ऐसा 'गद्दार' मानते जो अपने देश के लिए शर्मिंदगी की वजह बना.
पाकिस्तान में लोगों का मानना है कि डॉ अफ़रीदी की मदद से ही अमरीकी नौसैनिकों ने 9/11 हमलों के मास्टरमाइंड ओसामा बिन लादेन को मारकर बिना किसी चुनौती के वापस चले गए. इतना ही नहीं, उन्होंने लादेन के शव का अता-पता भी नहीं चलने दिया.
इन सबने पाकिस्तान की सुरक्षा नीति की बागडोर चलाने पाकिस्तानी सेना पर असहज सवाल खड़े कर दिए. सवाल ये था कि क्या पाकिस्तानी सेना को ये पता भी है कि ओसामा बिन लादेन उनके देश में था?
नतीजा ये हुआ कि अमरीका के नेतृत्व में चल रही इस्लामी चरमपंथ के ख़िलाफ़ लड़ाई में पाकिस्तान आज भी एक 'असहज सहयोगी' के रूप में नज़र आता है.
डॉ अफ़रीदी पाकिस्तान के क़बाइली ख़ैबर ज़िले में बड़े डॉ के तौर पर काम करते थे. अमरीका के फ़ंड से चलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं और कई टीकाकरण कार्यक्रमों के प्रमुख थे.
एक सरकारी कर्मचारी के तौर पर उन्होंने कई शहरों में हेपेटाइटिस बी के लिए टीकाकरण कार्यक्रम चलाए थे. उनमें से एक वो एबटाबाद शहर भी था जहां ओसामा बिन लादेन पाकिस्तानी सेना की नाक के नीचे रह रहे थे.
अमरीकी ख़ुफ़िया एजेंसी की योजना था कि वो एबटाबाद में रह रहे किसी बच्चे के ख़ून का सैंपल ले सके ताकि डीएनए टेस्ट के ज़रिए पता चल सके कि उनका ओसामा बिन लादेन से कोई रिश्ता है या नहीं.
ऐसा कहा जाता है कि डॉक्टर अफ़रीदी के स्टाफ़ के एक व्यक्ति ने वहां से ख़ून का सैंपल इकट्ठा किया. हालांकि ये मालूम नहीं है कि अमरीका को इससे बिन लादेन की लोकेशन खोजने में मदद मिली या नहीं.
ओसामा बिन लादेन के मारे जाने के 20 दिन बाद यानी 23 मई, 2011 डॉक्टर अफ़रीदी को को हिरासत में ले लिया गया. उस वक़्त उनकी उम्र 40 के क़रीब रही होगी.
डॉक्टर अफ़रीदी की निजी ज़िंदगी के बारे में ज़्यादा कुछ मालूम नहीं है. हां, ये ज़रूर पता है कि वो एक ग़रीब परिवार से आते थे और उन्होंने साल 1990 में ख़ैबर मेडिकल कॉलेज से ग्रैजुएशन किया था.
उन्हें गिरफ़्तार किए जाने के बाद से उनका परिवार इधर-उधर छिपता रहता है क्योंकि उन्हें जानलेवा हमलों का डर है.
उनकी पत्नी एबटाबाद की एक शिक्षा विशेषज्ञ हैं. पहले वो एक सरकारी स्कूल में प्रिंसिपल थीं लेकिन पति की गिरफ़्तारी के बाद वो कहीं छिपकर रहती हैं. उनके तीन बच्चे हैं- दो बेटे और एक बेटी.
जनवरी 2012 में अमरीकी अधिकारियों ने सार्वजनिक तौर पर स्वीकार किया था कि डॉक्टर अफ़रीदी ने अमरीकी ख़ुफ़िया विभाग के लिए काम किया था. हालांकि अब भी यह स्पष्ट नहीं है कि उन्हें सीआईए में अपनी भूमिका के बारे में कितना पता था.
पाकिस्तानी जांचकर्ताओं का कहना है कि जब सीआईए ने डॉक्टर अफ़रीदी को अपने लिए काम करने पर राज़ी किया तब उन्हें ये मालूम नहीं था कि इस ऑपरेशन का निशाना कौन था.
No comments:
Post a Comment